सौरिख में बंद मकान से नकदी व जेवर चोरी, दो अन्य घरों में चोरी का प्रयास

संवाद 24 संवाददाता। सौरिख कस्बे में बीती रात अज्ञात चोरों ने तीन बंद मकानों को निशाना बनाया। दो मकानों में चोरी का प्रयास असफल रहा, जबकि एक घर से नकदी और जेवर चोरी कर चोर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सकरावा रोड स्थित अंबेडकर नगर निवासी चरन सिंह प्रजापति के मकान में चोरों ने गेट का ताला तोड़कर प्रवेश किया और अंदर कमरे का ताला तोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान खटपट की आवाज सुनकर पड़ोसी जाग गए और शोर मचाने पर चोर मौके से भाग निकले। इसके बाद चोरों ने सरमन कुमार के मकान का ताला तोड़ने की कोशिश की, लेकिन कुत्तों के भौंकने से लोग जाग गए और चोर वहां से भी खाली हाथ फरार हो गए।

इसी क्रम में सकरावा रोड पर स्थित एक अन्य बंद मकान में चोर सफल रहे। मकान मालिक राजेंद्र यादव परिवार सहित बाहर गए हुए थे। चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर रखे बक्से से लगभग 20 हजार रुपये नकद और सोने की बाली चोरी कर ली। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।

थाना पुलिस के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए हैं, जिनकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News