खड़नी स्थित प्राचीन खंडेश्वर नाथ मंदिर में महाशिवरात्रि पर भव्य मेले की तैयारी
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। महाशिवरात्रि के पावन पर्व को लेकर खड़नी स्थित प्राचीन खंडेश्वर नाथ मंदिर में भव्य मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। मंदिर प्रबंध समिति के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को आयोजित होने वाले इस मेले में क्षेत्र सहित दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
मंदिर को क्षेत्र का प्राचीन सिद्धपीठ माना जाता है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार अज्ञातवास के दौरान पांडवों ने खांडव वन क्षेत्र में भगवान शिव की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की थी, जिसके बाद इस स्थान का नाम खंडेश्वर नाथ मंदिर पड़ गया। इसी खांडव वन के नाम पर बाद में क्षेत्र का नाम खड़नी प्रचलित हुआ।
मंदिर प्रबंध समिति ने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व को लेकर मंदिर परिसर की साफ-सफाई, सजावट, जलाभिषेक व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन का भी सहयोग लिया जा रहा है।
समिति के अनुसार पिछले वर्ष महाशिवरात्रि पर मंदिर में 1167 कांवर चढ़ाई गई थीं। इस वर्ष श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था को देखते हुए कांवरों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है। मंदिर के सेवक और श्रद्धालु मेले को सफल बनाने के लिए सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं।





