ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, 30 मिनट तक ट्रैक पर खड़ी रही छपरा एक्सप्रेस
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत समधन चौकी के रामाश्रम के पास शुक्रवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब कानपुर से फर्रुखाबाद की ओर जा रही छपरा एक्सप्रेस के सामने अचानक युवक आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
हादसे के बाद ट्रेन को लगभग 30 मिनट तक ट्रैक पर रोका गया, जिससे रेल संचालन प्रभावित रहा। इस दौरान पास स्थित मलिकपुर रेलवे क्रासिंग भी बंद रही, जिसके कारण कन्नौज-फर्रुखाबाद मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलने पर आरपीएफ कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार ने समधन चौकी प्रभारी दीपक कुमार को अवगत कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
करीब आधे घंटे बाद ट्रेन के रवाना होने पर क्रासिंग को खोला गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका और जाम में फंसे लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।





