सौरिख में डग्गामार स्लीपर बसों से जाम की समस्या, राजस्व को लाखों का नुकसान
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। सौरिख नगर में अवैध स्लीपर बसों का संचालन लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे शाम के समय नगर चौराहे और मुख्य मार्गों पर जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार दिल्ली, गुरुग्राम और जयपुर जैसे शहरों के लिए संचालित होने वाली डग्गामार बसें रोज शाम को बड़ी संख्या में एकत्र हो जाती हैं।
जानकारी के अनुसार सौरिख से प्रतिदिन करीब दो दर्जन अवैध बसें यात्रियों को लेकर विभिन्न महानगरों के लिए रवाना होती हैं। बिना अनुमति संचालित इन बसों के कारण यातायात बाधित होता है और स्थानीय व्यापार तथा आम नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ती है।
अवैध संचालन के कारण परिवहन विभाग को हर माह लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान होने का अनुमान है। आरोप है कि बस संचालक बिना निर्धारित टैक्स और परमिट के सवारियां ढो रहे हैं, जिससे सरकारी आय पर सीधा असर पड़ रहा है।
सूत्रों के मुताबिक ये बसें केवल यात्रियों को ही नहीं ले जातीं, बल्कि दिल्ली, गुरुग्राम और जयपुर से लौटते समय इलेक्ट्रॉनिक्स, मोटर पार्ट्स और गारमेंट्स जैसे सामान भी बिना कर चुकाए लाए जाते हैं, जिससे सरकार को दोहरा नुकसान हो रहा है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) ने बताया कि हाल ही में छिबरामऊ क्षेत्र में एक बस के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही विशेष अभियान चलाकर अवैध बस संचालन पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा।






