मलिकपुर रोड पर बिजली चोरी के खिलाफ अभियान, 11 उपभोक्ताओं पर प्राथमिकी दर्ज

संवाद 24 संवाददाता। मलिकपुर क्षेत्र में बिजली चोरी रोकने के उद्देश्य से बुधवार को रामाश्रम विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में विद्युत विभाग द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व उपखंड अधिकारी (एसडीओ) संजय यादव तथा अवर अभियंता अनिलराम ने किया, जिसमें लाइन स्टाफ की टीम ने मलिकपुर रोड के किनारे स्थित विभिन्न परिसरों की जांच की।

जांच के दौरान कई स्थानों पर अवैध रूप से बिजली उपयोग किए जाने के मामले सामने आए। कुछ परिसरों में घरेलू कनेक्शन के माध्यम से वाणिज्यिक गतिविधियां संचालित होती पाई गईं। विभाग ने नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 11 उपभोक्ताओं के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।

अधिकारियों ने बताया कि चेकिंग रिपोर्ट तैयार कर राजस्व निर्धारण के लिए संबंधित खंड कार्यालय को भेज दी गई है। यह अभियान बिजली चोरी पर नियंत्रण और राजस्व हानि रोकने के उद्देश्य से चलाया गया था।
इस कार्रवाई को उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के निर्देशों के तहत संचालित किया गया।

एसडीओ संजय यादव ने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि बिजली चोरी दंडनीय अपराध है, इसलिए सभी उपभोक्ता विधिवत कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें। उन्होंने बताया कि “विद्युत बिल राहत योजना” का अंतिम चरण 28 फरवरी 2026 तक प्रभावी है। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक बकाया बिल जमा नहीं किया है या योजना में पंजीकरण नहीं कराया है, वे शीघ्र जन सेवा केंद्र या विभागीय मेगा कैंप में पंजीकरण कराकर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News