मंडलायुक्त के प्रस्तावित दौरे से पहले कन्नौज कलेक्ट्रेट का निरीक्षण, डीएम ने दिए आवश्यक निर्देश
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। मंडलायुक्त के प्रस्तावित भ्रमण की तैयारियों के तहत कन्नौज के जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखागार, स्थानीय निकाय लिपिक कार्यालय, राजस्व अभिलेखागार, नजारत, आपदा प्रबंधन कार्यालय, न्याय सहायक कार्यालय, खनन विभाग तथा विविध लिपिक कार्यालयों में पहुंचकर कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रिकॉर्ड रूम में अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी दस्तावेजों का व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आवश्यकतानुसार अभिलेखों की मरम्मत, वर्गीकरण तथा नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने कार्यालयों में पड़ी निष्प्रयोज्य और अनुपयोगी सामग्री को तत्काल हटाने तथा परिसर में स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यालयों का वातावरण अनुशासित, स्वच्छ और कार्योन्मुख होना चाहिए तथा परिसर में कहीं भी गंदगी नहीं दिखनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, डिप्टी कलेक्टर नवनीता राय, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी जगदीश दीक्षित, नाजिर सदर अनूप सक्सेना तथा आशुलिपिक अमित प्रताप सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






