चंदरपुर में मनरेगा खेल मैदान में तोड़फोड़, बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। छिबरामऊ विकास खंड के ग्राम चंदरपुर में मनरेगा योजना के अंतर्गत निर्मित खेल मैदान में तोड़फोड़ और चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात लोगों ने खेल मैदान की बाउंड्री वॉल को क्षतिग्रस्त कर दिया तथा उसमें लगे पाइप भी निकालकर चोरी कर लिए, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।
ग्राम प्रधान पति रामू ने बताया कि यह खेल मैदान गांव के बच्चों और युवाओं को खेलकूद की सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाया गया था। घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
घटना की जानकारी ग्राम प्रधान की ओर से लिखित रूप में खंड विकास अधिकारी को दी गई है। साथ ही अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है।
खंड विकास अधिकारी दीपांकर आर्य ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना प्राप्त हो चुकी है और मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।






