मझपुरवा में जागरूकता कार्यक्रम, ग्रामीणों को मिली साइकिल व सिलाई मशीनें

संवाद 24 संवाददाता। छिबरामऊ विकास खंड के ग्राम मझपुरवा में रविवार को एक निजी संस्था द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों को बचत योजनाओं और विभिन्न लाभकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान संस्था के प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को आरडी (रिकरिंग डिपॉजिट) योजना से संबंधित जानकारी देते हुए बताया कि पंजीकरण कराने वाले लाभार्थियों से 5500 रुपये शुल्क लिया जा रहा है। संस्था की ओर से दावा किया गया कि पंजीकृत लोगों को तीन वर्षों तक प्रति माह 950 रुपये की राशि उनके बैंक खातों में प्रदान की जाएगी।

इस अवसर पर जिन लाभार्थियों ने पहले से पंजीकरण कराया था या जिनकी आईडी सक्रिय थी, उन्हें उपहार स्वरूप साइकिल और सिलाई मशीनें वितरित की गईं। बच्चों को विद्यालय आने-जाने की सुविधा के लिए साइकिल दी गई, जबकि महिलाओं को स्वरोजगार के उद्देश्य से सिलाई मशीनें प्रदान की गईं।

कार्यक्रम के आयोजक मोहित यादव ने बताया कि संस्था के माध्यम से जुड़े लाभार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप यह सामग्री वितरित की गई है, जिससे ग्रामीणों में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम में पहुंचे संस्था के अधिकारियों का ग्रामीणों ने स्वागत किया और योजना की जानकारी प्राप्त की।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News