कन्नौज में कैंसर उपचार पर सेमिनार आयोजित, विशेषज्ञों ने बेहतर सुविधाओं की आवश्यकता बताई

संवाद 24 संवाददाता। तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में कैंसर के उपचार, सर्जरी और बचाव के उपायों पर एक सीएमई (Continuing Medical Education) सेमिनार आयोजित किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आए वरिष्ठ चिकित्सकों और विशेषज्ञों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन रायबरेली से आए मुख्य अतिथि न्यायाधीश स्वप्निल पांडे ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।

सेमिनार के दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों ने कैंसर के लक्षण, समय पर जांच, आधुनिक सर्जरी तकनीकों और उपचार की नई पद्धतियों पर विस्तार से चर्चा की। चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज के अध्ययनरत डॉक्टरों और इंटर्न को प्रोजेक्टर के माध्यम से कैंसर सर्जरी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं तथा शुरुआती पहचान और बचाव के उपायों पर विशेष जोर दिया।

विशेषज्ञों ने कैंसर के प्रभावी उपचार के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि कई सरकारी अस्पतालों में अभी भी आवश्यक उपकरणों और आधुनिक सुविधाओं की कमी है। उन्होंने सरकार से अपील की कि मेडिकल कॉलेजों में कैंसर उपचार से संबंधित अत्याधुनिक संसाधन और व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके।

कार्यक्रम में दिल्ली के गंगाराम अस्पताल के डॉ. अरुण गुप्ता, केजीएमयू लखनऊ की डॉ. पूजा रमाकांत, मेडिकल कॉलेज झांसी के प्रो. डॉ. राजीव सिन्हा, डॉ. मनोज श्रीवास्तव, डॉ. मंजूश्री सचान, डॉ. शिवानी ढींगरा, डॉ. सराह इदरीश, डॉ. कुलजिंदर शोधी, डॉ. ब्रजेश मिश्रा, डॉ. पारूज खान, डॉ. फरहाज खान सहित कई वरिष्ठ चिकित्सकों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज तिर्वा के प्रधानाचार्य सी.पी. पाल, सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. अतहर, अयोध्या मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. डी.एस. मर्तोलिया, सीएमएस डॉ. दिलीप सिंह तथा अन्य चिकित्सक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News