आदर्श इंटर कॉलेज ठठिया के संस्थापक डॉ. नंद कुमार मिश्र की 112वीं जयंती मनाई गई

संवाद 24 संवाददाता। ठठिया स्थित आदर्श इंटर कॉलेज ठठिया के संस्थापक डॉ. नंद कुमार मिश्र की 112वीं जयंती शनिवार को विद्यालय परिसर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पूर्व विद्यार्थी-शिक्षक समागम एवं स्मृति समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, पूर्व विद्यार्थियों और अभिभावकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थापक डॉ. नंद कुमार मिश्र के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने सराहा।

शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) डॉ. महेंद्र देव मुख्य अतिथि प्रस्तावित थे, किंतु अपरिहार्य कारणों से वे समारोह में शामिल नहीं हो सके। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक कन्नौज पप्पू सरोज, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य, ब्लॉक प्रमुख उमर्दा अजय वर्मा, विद्यालय प्रबंधक अवधेश मिश्र, प्रधानाचार्य प्यारे लाल विद्यापति, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजन अवस्थी तथा अन्य क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने अपने संबोधन में डॉ. नंद कुमार मिश्र के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के प्रसार के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया और हजारों विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में अहम भूमिका निभाई। अतिथियों ने विद्यालय की शैक्षिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को नई पीढ़ी को प्रेरित करने वाला बताया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का सम्मान किया गया तथा आयोजकों ने सभी आगंतुकों, पूर्व छात्रों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News