मुआवजे को लेकर विवाद गहराया, ADM व लेखपाल पर अवमानना वाद

संवाद 24 संवाददाता। औद्योगिक गलियारे के लिए भूमि अधिग्रहण को लेकर विवाद गहरा गया है। ठठिया थाना क्षेत्र के बलनापुर मौजा स्थित अलीपुर गांव के किसानों ने अपर जिलाधिकारी (ADM) देवेंद्र सिंह और क्षेत्रीय लेखपाल अर्पित कटियार के खिलाफ अवमानना याचिका दायर की है। इस मामले में इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने याचिका स्वीकार करते हुए सुनवाई की अगली तिथि 10 फरवरी निर्धारित की है।

जानकारी के अनुसार प्रशासन ने औद्योगिक गलियारे के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन सैकड़ों किसानों ने उचित मुआवजा न मिलने का आरोप लगाते हुए जमीन का बैनामा करने से इनकार कर दिया। किसानों के विरोध के कारण अधिग्रहण की प्रक्रिया कुछ समय से रुकी हुई है।

किसानों का आरोप है कि पिछले महीने अपर जिलाधिकारी के नेतृत्व में पहुंची राजस्व टीम ने गांव में बैनामा कराने के लिए दबाव बनाया। विरोध करने पर कथित रूप से एक किसान की मेडिकल दुकान में ताला लगवा दिया गया और कुछ किसानों को सरकारी योजनाओं, राशन, पेंशन तथा सम्मान निधि बंद करने की चेतावनी दी गई।

ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि तीन किसानों को पुलिस के हवाले किया गया, जिनमें से दो का शांतिभंग में चालान किया गया। साथ ही चरागाह भूमि बताकर एक खेत में खड़ी गेहूं की फसल जुतवा देने की भी शिकायत सामने आई है।

इन घटनाओं से नाराज होकर गांव के किसान इरशाद खान, अहमदयार और मनोज कुमार ने ADM और संबंधित लेखपाल के खिलाफ अवमानना वाद दायर किया है। मामले की सुनवाई अब उच्च न्यायालय में तय तिथि पर होगी, जिस पर किसानों और प्रशासन दोनों की नजरें टिकी हुई हैं।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News