छिबरामऊ में तेज रफ्तार कार का कहर, बाइक सवार युवक की मौत
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। छिबरामऊ क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार रामखेड़ा गांव निवासी गौरव यादव और सुमित यादव फर्रुखाबाद जिले के सिंगी रामपुर गांव में एक अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। शुक्रवार शाम करीब छह बजे दोनों बाइक से अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान शाहजहांपुर गांव के पास तेज गति से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को दिलू नगला स्थित अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने गौरव यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल सुमित यादव को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। दुर्घटना में शामिल कार की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी वाहन चालक की तलाश जारी है।






