तिर्वा दौरे पर अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, रोजगार और SIR मुद्दे उठाए
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कन्नौज के तिर्वा कस्बे में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को रोजगार और नौकरी देने में असफल रही है, इसलिए विभिन्न मुद्दों में उन्हें उलझाकर ध्यान भटकाने का प्रयास किया जा रहा है।
अखिलेश यादव दोपहर बाद तिर्वा स्थित डीएन इंटर कॉलेज के खेल मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने चैलेंजर क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें अन्य विवादों में उलझा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को रोजगार देने में नाकाम रहने के कारण सरकार SIR जैसे मामलों को आगे कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कुछ स्थानों पर फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए वोटर सूची से नाम हटाने की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
ओटीटी पर रिलीज फिल्म “घूसखोर पंडित” से जुड़े सवाल पर सपा प्रमुख ने कहा कि राजनीतिक माहौल में कई मुद्दों को जानबूझकर विवाद का रूप दिया जाता है, जिससे जनता का ध्यान वास्तविक समस्याओं से हटाया जा सके।
मीडिया संवाद के दौरान कुछ तीखे सवाल पूछे जाने पर समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान एक पत्रकार का मोबाइल छीने जाने की घटना भी सामने आई, जिसे लेकर मौके पर हलचल रही।
अपने दौरे के दौरान अखिलेश यादव ने तिर्वा क्षेत्र में कई शोक-संतप्त परिवारों से मुलाकात कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा बाद में एक विवाह समारोह में शामिल होकर नवदंपती को शुभकामनाएं दीं।






