कन्नौज डीएम का कस्तूरबा गांधी विद्यालय में औचक निरीक्षण, निर्माण व शैक्षणिक व्यवस्थाओं की समीक्षा
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जिलाधिकारी ने नसरापुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक, आवासीय तथा निर्माण संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की सुविधाओं, निर्माण कार्यों की प्रगति और छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में बन रहे बॉलीबॉल कोर्ट के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि ₹10.56 लाख की स्वीकृत धनराशि से निर्माण कार्य को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। साथ ही कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
जिलाधिकारी ने मुख्य भवन में निर्माणाधीन टॉयलेट ब्लॉक का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को तय स्थल पर मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए, ताकि छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इसके अतिरिक्त उन्होंने विद्यालय की स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब का दौरा कर आधुनिक शिक्षण संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया। अधिकारियों से आगामी शैक्षणिक भ्रमण की तैयारियों की जानकारी लेते हुए उन्होंने छात्राओं के समग्र शैक्षणिक विकास को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान छात्राओं ने जिलाधिकारी को हस्तनिर्मित बैज, आसन और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। जिलाधिकारी ने छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें अनुशासन, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






