कन्नौज में नाले में मिला ग्रामीण का शव, नशे में गिरने से मौत की आशंका
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कन्नौज जिले के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के मोहनपुर-रतनपुर गांव में एक ग्रामीण का शव पंचायत भवन के पास स्थित नाले में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 46 वर्षीय नरेंद्र भारद्वाज के रूप में हुई है, जो बुधवार शाम घर से निकले थे और गुरुवार शाम ग्रामीणों ने उनका शव नाले में पड़ा देखा।
घटना की सूचना मिलते ही गुरसहायगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला नशे की हालत में नाले में गिरने से हुई मौत का प्रतीत हो रहा है। बताया जा रहा है कि मृतक शराब पीने का आदी था और आशंका है कि नशे की स्थिति में संतुलन बिगड़ने से वह नाले में गिर गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
कोतवाली प्रभारी अजय अवस्थी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों के अनुसार नरेंद्र भारद्वाज के परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है जबकि दूसरी अपनी मां के साथ ननिहाल में रहती है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।






