ठठिया FCS धान क्रय केंद्र पर 15 दिनों से तौल ठप, किसानों का शांतिपूर्ण धरना
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। ठठिया विशिष्ट आलू मंडी ठठिया में स्थित FCS धान क्रय केंद्र पर बीते 15 दिनों से धान तौल न होने के विरोध में किसानों का आक्रोश सामने आया। बुधवार को बृजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसानों ने केंद्र परिसर में शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया और धान खरीद प्रक्रिया में व्याप्त भ्रष्टाचार, अनियमितताओं तथा बिचौलियों की कथित मनमानी के खिलाफ आवाज बुलंद की।
धरना दे रहे किसानों ने आरोप लगाया कि केंद्र पर आम किसानों की उपेक्षा करते हुए बिचौलियों के धान की सीधी खरीद की जा रही है। किसानों ने जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार से मांग की कि क्रय केंद्र पर तत्काल धान तौल शुरू कराई जाए तथा प्रतिदिन कम से कम 300 कुंतल धान की तौल सुनिश्चित की जाए, ताकि लंबे समय से पड़ी धान की खरीद हो सके और किसानों का उत्पीड़न रुके।
किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि जिले के प्रभावशाली लोगों के संरक्षण में बड़े बिचौलियों ने हजारों कुंतल धान फर्जी तरीके से केंद्र पर जमा कर भुगतान प्राप्त कर लिया, जबकि गांवों के सामान्य किसानों का धान कई दिनों से केंद्र पर पड़ा सड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अधिकारियों द्वारा किसानों से शालीनता से बातचीत भी नहीं की जा रही है और पूरी खरीद प्रक्रिया में बड़े स्तर पर कमीशनखोरी चल रही है, जिससे किसानों के हक का पैसा हड़पा जा रहा है। इस संबंध में जब क्रय केंद्र प्रभारी राजकुमार श्रीवास्तव से पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो वे सवालों से बचते नजर आए और कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
धरना स्थल पर मौजूद किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे दो दिन बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। धरना प्रदर्शन में बृजेश कुमार सिंह के साथ जितेंद्र सिंह, आशीष सिंह, शिवनरेश सिंह, रामनरेश सिंह, शिवप्रताप सिंह, संजीव कुमार, अखिल सिंह, अनुज कुमार सहित कई किसान मौजूद रहे।






