कन्नौज में चंद्रशेखर आजाद की जनसभा, बोले– संविधान ही गरीब और वंचित समाज की ताकत

संवाद 24 संवाददाता। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद ने जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय संविधान की महत्ता पर जोर दिया। छिबरामऊ क्षेत्र के कपूरपुर गांव में आयोजित इस जनसभा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे।

सभा को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि भारतीय संविधान ही देश के गरीब, दलित, पिछड़े और वंचित समाज की सबसे बड़ी ताकत है। संविधान ने ही समानता, अधिकार और सामाजिक न्याय का रास्ता दिखाया है, जिसे कमजोर करने की साजिशें लगातार हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर उनकी प्राथमिकता समाज की बुनियाद को मजबूत करना होगा। सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था में बड़ा सुधार किया जाएगा, ताकि वहां ऐसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, जो महंगे निजी स्कूलों में भारी फीस देने के बाद भी उपलब्ध नहीं हो पाती। उन्होंने दावा किया कि भविष्य में बड़े-बड़े धनाढ्य लोग भी अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ाने को मजबूर होंगे।

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि समाज को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों को शासन की जिम्मेदारी मिली, उन्होंने सरकारी ठेकों में मिलने वाले आरक्षण को खत्म करने का काम किया है। उन्होंने जनता से दोस्त और दुश्मन की पहचान करने की अपील करते हुए कहा कि अगर समय रहते फर्क नहीं समझा गया तो नुकसान समाज को ही उठाना पड़ेगा।

एसआईआर के तहत वोट कटने के मुद्दे को उठाते हुए उन्होंने कहा कि दलित और वंचित समाज के वोट साजिश के तहत काटे जा रहे हैं। जब इस संबंध में अधिकारियों से सवाल किया जाता है तो वे आपत्ति दर्ज होने की बात कहते हैं, लेकिन जिनके नाम से आपत्ति दिखाई जाती है, वे खुद इससे इनकार करते हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि फर्जी नामों से फर्जी आपत्तियां दर्ज कर मताधिकार छीना जा रहा है।

सभा के अंत में उन्होंने कहा कि संविधान को केवल किताबों तक सीमित न रखें, बल्कि उसे अपने व्यवहार, संघर्ष और अधिकारों की रक्षा का आधार बनाएं। उन्होंने जनता से एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News