चंदुआहार गांव में 15 दिन से बिजली गुल, ग्रामीणों का प्रदर्शन
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। तिर्वा तहसील क्षेत्र के चंदुआहार गांव में बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। करीब 15 दिन पहले विद्युत विभाग द्वारा पूरे गांव की बिजली काटे जाने के विरोध में बुधवार को ग्रामीणों ने गांव के बाहर एकत्र होकर प्रदर्शन किया और जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार विद्युत विभाग ने बिल जमा न होने का हवाला देते हुए कई उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए थे। इसके बाद से ग्रामीण लगातार बिजली विभाग के कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें केवल जल्द कनेक्शन जोड़ने का आश्वासन ही मिल रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में न तो पर्याप्त बिजली के खंभे लगाए गए हैं और न ही कई घरों में मीटर स्थापित किए गए हैं। इसके बावजूद विभाग द्वारा सामूहिक रूप से बिजली आपूर्ति काट दी गई, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
बिजली न होने से सबसे ज्यादा असर छात्रों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। यूपी बोर्ड की 12वीं कक्षा की छात्रा नेहा ने बताया कि बोर्ड परीक्षाएं नजदीक हैं, लेकिन बिजली कटौती के कारण पढ़ाई करना मुश्किल हो गया है। गांव में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कई छात्र-छात्राएं इसी समस्या से जूझ रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे उच्च अधिकारियों से मिलकर अपनी समस्या रखेंगे। इस दौरान शिवा, प्रांशु, सोनम, नेहा, उपकार, आयुष, गिरजा शंकर, शिल्पी, अमित, दीपक, अभिमन्यु सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से मांग की है कि गांव में जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति सुचारू की जाए, ताकि छात्रों की पढ़ाई और ग्रामीणों का दैनिक जीवन पटरी पर लौट सके।






