चालक को झपकी बनी हादसे की वजह, आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे पर 7 लोग घायल

संवाद 24 संवाददाता। आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तालग्राम क्षेत्र अंतर्गत मुसाफिरपुर गांव के पास किलोमीटर संख्या 169 पर दोपहर करीब 11 बजे एक अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार सात लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना चालक को झपकी आने के कारण हुई। कार उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जनपद स्थित दिनेशपुर थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव निवासी रमेश मंडल (पुत्र सीपत मंडल) चला रहे थे। वह कानपुर देहात के रसूलाबाद से रुद्रपुर की ओर जा रहे थे। वाहन में चालक सहित कुल सात लोग सवार थे।

हादसे में आनंद (32), अमित मंडल (27), जीवन (45), सूरज (27), मुकेश मंडल (28) और प्रवीण सरकार (25) घायल हुए। इनमें सूरज (पुत्र निवाई) और अमित मंडल (पुत्र सुपल मंडल) की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर किया गया।

अन्य घायलों मुकेश मंडल और प्रवीण सरकार सहित बाकी यात्रियों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालग्राम में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112, तालग्राम पुलिस, एंबुलेंस सेवा और एक्सप्रेसवे का गश्ती दल मौके पर पहुंच गया।

राहत एवं बचाव कार्य के दौरान सहायक सुरक्षा अधिकारी आरपी कनौजिया और एक्सप्रेसवे सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। क्षतिग्रस्त कार को क्रेन की मदद से एक्सप्रेसवे से हटाकर टोल प्लाजा 154 पर भिजवाया गया।

तालग्राम थाना प्रभारी विनय शर्मा ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और घायलों का उपचार जारी है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News