तालग्राम–छिबरामऊ मार्ग पर दर्दनाक हादसा, बाइक सवार की जान गई
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। तालग्राम–छिबरामऊ मार्ग पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। केसरी नगला के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालग्राम पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान एटा जनपद के जसरतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगला उम्मेदपुर निवासी उपेंद्र पुत्र नेत्रपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है और तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






