ई-रिक्शा चालक से मारपीट व लूट का आरोप, 11 हजार रुपये छीने जाने की शिकायत
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। ठठिया थाना क्षेत्र में एक ई-रिक्शा चालक के साथ मारपीट और 11 हजार रुपये लूटने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस पर प्रभावी कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों से न्याय की मांग की है। मामले की जांच जारी बताई जा रही है।
कानपुर नगर के अरौल थाना क्षेत्र स्थित पिहानी मजबूत नगर निवासी संदीप पुत्र रामदयाल के अनुसार, 1 फरवरी को वह ई-रिक्शा से जा रहे थे। इसी दौरान ठठिया थाना क्षेत्र के खैरनगर इलाके के नया पुरवा गांव के पास एक कार ने उनकी ई-रिक्शा को ओवरटेक किया। साइड न देने पर कार सवार तीन युवकों ने उनके साथ मारपीट की और जेब में रखे 11 हजार रुपये छीन लिए।
पीड़ित ने बताया कि लूटे गए रुपये उनके बहनोई ने कपिला दाना खरीदने के लिए दिए थे। घटना के बाद वह ठठिया थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। संदीप का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़ित के अनुसार, उन्होंने थाना प्रभारी को तीसरा प्रार्थना पत्र भी दिया, लेकिन इसके बाद केवल एक आरोपी को शांति भंग की धारा में निरुद्ध कर चालान किया गया, जिससे वह संतुष्ट नहीं हैं। संदीप ने निष्पक्ष जांच और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में थाना प्रभारी देवेश कुमार ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






