एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच हुआ विवाद, अफवाहों को पुलिस ने किया खारिज

संवाद 24 संवाददाता। ठठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत औसर गांव में कब्रिस्तान की भूमि पर कब्जे को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और शांति भंग के आरोप में सात लोगों का चालान किया है।

मामले की शुरुआत नाजिमा बेगम पत्नी शाहिद द्वारा ठठिया थाना पुलिस में दी गई शिकायत से हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग भूमिधर संख्या 2906 की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। आरोप है कि इस दौरान गांव में तनाव की स्थिति बन गई।

घटना के दौरान महिला के बेटे ने पूरे विवाद का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद मामला तेजी से फैल गया। कुछ सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने इसे हिंदू-मुस्लिम विवाद बताकर प्रचारित किया, लेकिन पुलिस जांच में यह दावा पूरी तरह गलत पाया गया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि शब-ए-बरात त्योहार को लेकर कब्रिस्तान की जमीन की सफाई की जा रही थी। वहीं दूसरे पक्ष के इमरान पुत्र सईद और चांद मोहम्मद पुत्र स्वर्गीय सुलेमान ने आरोप लगाया कि कुछ लोग बिना शव के नई कब्रें बनाकर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। उनका कहना है कि जमीन से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन रहा है, जिसमें वे पक्षकार विजयी हो चुके हैं।

विवाद बढ़ता देख ठठिया थाना प्रभारी देवेश कुमार ने आमिद पुत्र शफी मोहम्मद, गुलाम नवी पुत्र अयूब खां, हारून पुत्र उसमान, मुस्लिम पुत्र शमीम, असीर पुत्र नसीम खां समेत कुल सात लोगों को हिरासत में लेकर शांति भंग की धाराओं में चालान कर दिया।

घटना की जानकारी मिलने पर अजय कुमार (अपर पुलिस अधीक्षक कन्नौज), कुलबीर सिंह (क्षेत्राधिकारी तिर्वा) और राजेश कुमार (उपजिलाधिकारी तिर्वा) भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से जानकारी ली।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह घटना किसी भी प्रकार से सांप्रदायिक विवाद से जुड़ी नहीं है, बल्कि एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर उत्पन्न हुआ मामला है। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है और पुलिस सतर्क निगरानी बनाए हुए है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News