जनप्रतिनिधियों के गांव भी नहीं बचे, जल जीवन मिशन कन्नौज में फेल
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। केंद्र व राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के तहत हर घर शुद्ध पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य जिले में जमीनी हकीकत से कोसों दूर नजर आ रहा है। हैरानी की बात यह है कि जनप्रतिनिधियों से जुड़े गांवों में भी करोड़ों रुपये की लागत से बने ओवरहेड टैंक और पाइपलाइन महज शोपीस बनकर रह गए हैं। कहीं तकनीकी खामियां हैं तो कहीं संसाधनों की कमी, नतीजतन ग्रामीणों को आज भी पीने के पानी के लिए जूझना पड़ रहा है।
समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण के गांव गौरनपुरवा खैरनगर में नौ वर्ष पूर्व निर्मित पानी की टंकी से पिछले तीन वर्षों से जलापूर्ति ठप है। पाइपलाइन में लीकेज के कारण लगभग 12 हजार की आबादी प्रभावित हो रही है। इसी तरह भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया के गांव वीरहार में भी टंकी होने के बावजूद नलों में पानी नहीं पहुंच रहा।
तालग्राम क्षेत्र के ब्लॉक प्रमुख सुमन सिंह के गांव बमरौली स्थित गधैया ऊसर में चार साल पहले बनी ओवरहेड टंकी एक वर्ष से अधिक समय से अनुपयोगी पड़ी है। जमीन धंसने और बोरिंग फेल होने के चलते यहां किसी बड़े हादसे की आशंका भी जताई जा रही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य के गांव लक्षीराम नगला में जल जीवन मिशन की योजना अब तक लागू ही नहीं हो सकी है। यहां के ग्रामीण आज भी हैंडपंप और निजी सबमर्सिबल पंपों पर निर्भर हैं।
तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत के गांव मेरापुर में लाखों रुपये खर्च कर ओवरहेड टंकी और पाइपलाइन बिछाई गई, लेकिन घटिया गुणवत्ता की पाइपलाइन फटने से जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी। वहीं विधायक अर्चना पांडेय के पैतृक गांव हरिवल्लभपुर उधरनपुर में सोलर सिस्टम आधारित नलकूप होने के कारण पानी की आपूर्ति मौसम पर निर्भर है। बरसात और सर्दियों में धूप कम होने से लोगों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ता है। ग्राम अकबरपुर में भी कोहरे के कारण सोलर पैनल प्रभावित होने और डीजल की अनुपलब्धता से बीते दो दिनों से पानी की सप्लाई बाधित है।
इस संबंध में जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता सुरेंद्र कुमार ने बताया कि कार्यदायी संस्थाओं को पाइपलाइन बिछाने के बाद खोदी गई सड़कों की मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं। जनप्रतिनिधियों के गांवों की स्थिति की भी समीक्षा की जा रही है और शीघ्र ही सभी प्रभावित गांवों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी।






