कसाबा में होलिका दहन स्थल बदला, रामलीला मंच के सामने हुई विधिवत स्थापना
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। छिबरामऊ विकास खंड के कसाबा ग्राम में इस वर्ष होलिका दहन के स्थान में परिवर्तन किया गया है। वर्षों से मुख्य सड़क के किनारे होलिका दहन की परंपरा रही है, लेकिन हाल ही में हुए नाली निर्माण के कारण वहां पर्याप्त जगह न रहने से यह निर्णय लिया गया।
ग्रामीणों की सहमति और आपसी विचार-विमर्श के बाद समाजसेवी आशीष दुबे की पहल पर होलिका का नया स्थान निर्धारित किया गया। नई व्यवस्था के तहत कसाबा चौकी के समीप स्थित रामलीला मंच के सामने होलिका की विधिवत स्थापना की गई।
होलिका स्थापना के अवसर पर बैंड-बाजे के साथ उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम संपन्न कराया गया, जिसमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समाजसेवी आशीष दुबे ने बताया कि मुख्य सड़क पर नाली निर्माण के बाद न केवल स्थान की कमी हो गई थी, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी वहां होलिका दहन उपयुक्त नहीं था। रामलीला मंच के सामने चुना गया स्थान पर्याप्त खुला है और आवागमन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।
कसाबा ग्राम के निवासियों ने इस निर्णय पर संतोष व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि नए स्थान पर होलिका स्थापना से सुरक्षा सुनिश्चित होगी और रामलीला मंच के समीप होने से धार्मिक व सांस्कृतिक वातावरण भी सुदृढ़ बना रहेगा।






