कचाटीपुर के पास दर्दनाक हादसा, बाइक सवार की मौत, पुत्री को मामूली चोट
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। तिर्वा क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पिता की मौत हो गई, जबकि साथ बैठी उनकी पुत्री बाल-बाल बच गई। हादसा उस वक्त हुआ जब वे घर लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार, ठठिया थाना क्षेत्र के कुरियाना गांव निवासी 55 वर्षीय रामप्रकाश अपनी पुत्री प्रियंका (निवासी इटावा) के साथ बाइक से वापस आ रहे थे। कन्नौज के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कचाटीपुर गांव के पास सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि रामप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पुत्री को हल्की चोटें आईं। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की मदद से दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। इमरजेंसी में डॉक्टरों ने जांच के बाद रामप्रकाश को मृत घोषित कर दिया, वहीं प्रियंका का प्राथमिक उपचार किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष नीलम सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर की टक्कर से हादसा हुआ है। तहरीर मिलने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






