सौरिख में छात्राओं से छेड़छाड़ का मामला, आरोपियों को छुड़ाने के प्रयास में पुलिसकर्मियों के मोबाइल छीने

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। सौरिख थाना क्षेत्र में छात्राओं से छेड़छाड़ के एक गंभीर मामले में शनिवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों को छुड़ाने का प्रयास किया गया। इस दौरान आरोपियों के साथियों ने पुलिसकर्मियों से हाथापाई कर उनके दो मोबाइल फोन छीन लिए और मौके से फरार हो गए।

घटना की शुरुआत शुक्रवार को हुई, जब अरूहो स्थित बिटुला देवी ज्योराखन लाल बालिका इंटर कॉलेज की कक्षा 11 की चार छात्राएं छुट्टी के बाद घर लौट रही थीं। आरोप है कि कार सवार चार युवकों ने रास्ते में छात्राओं को रोककर अश्लील हरकतें कीं और उन्हें जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया। छात्राओं के विरोध के चलते आरोपी सफल नहीं हो सके, लेकिन छात्राओं ने कार का नंबर नोट कर लिया।

शनिवार सुबह करीब 10 बजे वही कार सवार युवक दोबारा स्कूल के पास देखे गए। छात्राओं ने तुरंत इसकी सूचना प्रधानाचार्य और अभिभावकों को दी। प्रधानाचार्य व अभिभावकों ने कार का पीछा कर तीन युवकों को पकड़ लिया, जबकि एक युवक मौके से फरार हो गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार सहित पकड़े गए तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में शराब बरामद होने की भी पुष्टि हुई।

पुलिस जब आरोपियों को थाने ले जा रही थी, तभी सौरिख–खड़िनी रोड पर दो बाइकों से आए 5–6 युवकों ने पुलिस वाहन को रोक लिया। आरोप है कि उन्होंने हाथापाई करते हुए हिरासत में लिए गए युवकों को छुड़ाने का प्रयास किया। पुलिस की सतर्कता से आरोपी युवकों को छुड़ा नहीं पाए, लेकिन दो सिपाहियों के मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।

स्कूल के प्रधानाचार्य की ओर से कार सवार चार अज्ञात युवकों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। थाना प्रभारी जयंती प्रसाद गंगवार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो चुकी है, तीन युवकों को कार समेत हिरासत में लिया गया है और मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश जारी है और उसे भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News