माघ पूर्णिमा गंगा स्नान: कन्नौज में 31 जनवरी दोपहर से रूट डायवर्जन, भारी वाहनों पर रोक

कन्नौज 24 संवाददाता। माघ पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान को लेकर कन्नौज प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 31 जनवरी दोपहर 12 बजे से रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया है, जो 1 फरवरी को स्नान समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देश पर कन्नौज सीमा में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हरदोई से कन्नौज आने वाले भारी वाहन अब बिलग्राम–मल्लावां–बिल्हौर मार्ग से होकर कन्नौज पहुंचेंगे। इसी तरह कन्नौज से हरदोई जाने वाले भारी वाहनों को भी बिल्हौर, मल्लावां और बिलग्राम के रास्ते भेजा जाएगा।

प्रशासन ने औरैया जिले से हरदोई जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया है। ऐसे वाहन कन्नौज की ओर न आकर बेला से रसूलाबाद होते हुए बिल्हौर मार्ग से हरदोई की ओर जाएंगे। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।

माघ पूर्णिमा पर कन्नौज के प्रसिद्ध मेहंदी घाट पर हर वर्ष भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। औरैया, इटावा, उरई, कानपुर देहात और हरदोई सहित कई जिलों से आने वाले श्रद्धालुओं के कारण घाट क्षेत्र में भीड़ और जाम की स्थिति बन जाती है, जिसे नियंत्रित करने के लिए रूट डायवर्जन आवश्यक होता है।

जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने माघ पूर्णिमा पर्व के मद्देनजर मेहंदी घाट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्नान पर्व को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियों की समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने घाट पर पार्किंग व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, गोताखोरों की तैनाती, बैरियर और यातायात प्रबंधन से जुड़े बिंदुओं पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए बचाव दल और गोताखोरों को अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए गए।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए घाटों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की समीक्षा की गई और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए, ताकि स्नान पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News