तिसौली ग्राम चौपाल में गोदभराई व अन्नप्राशन, किसानों की शिकायतों का मौके पर निस्तारण
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। ग्राम पंचायत तिसौली में शुक्रवार को ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें महिला एवं बाल विकास तथा ग्रामीण समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया गया। चौपाल के दौरान गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य दिनचर्या, संतुलित आहार और पोषण से जुड़ी आवश्यक जानकारियां दी गईं, ताकि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सके।
कार्यक्रम के अंतर्गत दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई रस्म संपन्न कराई गई। गोदभराई शिवानी पत्नी धर्मवीर एवं आरती पत्नी अंकित की हुई। साथ ही आरभ नामक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार विधि-विधान के साथ कराया गया, जिससे कार्यक्रम में सामाजिक एवं सांस्कृतिक सहभागिता भी देखने को मिली।
ग्राम चौपाल में किसानों की समस्याओं को भी प्राथमिकता से सुना गया। रामकरन पुत्र रामस्वरूप एवं ओमप्रकाश पुत्र सियाराम द्वारा परिवार रजिस्टर से संबंधित शिकायतें प्रस्तुत की गईं, जिनका मौके पर ही समाधान कर दिया गया। अधिकारियों द्वारा शिकायत निस्तारण की त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों में संतोष देखा गया।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रीता यादव, सहायिका निशा कुमारी सहित अन्य ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी उमाशंकर साहू, पंचायत सचिव रजनीकांत, वन विभाग के रेंजर, ग्राम प्रधान मिथिलेश कुमार, नरेगा मेट हरवीर सिंह प्रजापति, पंचायत सहायक प्रसून कुमार समेत कई ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्राम चौपाल को जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बताया।






