नादेमऊ मुख्य मार्ग पर रोज जाम, स्कूली बच्चे और मरीज सबसे ज्यादा प्रभावित

संवाद 24 संवाददाता। नादेमऊ कस्बे की मुख्य सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण क्षेत्र में प्रतिदिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। बढ़ते वाहनों के दबाव के चलते आम नागरिकों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह और शाम के समय स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह मार्ग नादेमऊ को आसपास के कई गांवों से जोड़ता है। इसी सड़क से स्कूल बसें, एंबुलेंस, ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित भारी और छोटे वाहन गुजरते हैं। सड़क संकरी होने के कारण दो वाहन आमने-सामने आते ही यातायात पूरी तरह ठप हो जाता है और लंबा जाम लग जाता है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क काफी पुरानी हो चुकी है और कई स्थानों पर गड्ढे बन गए हैं। बरसात के मौसम में पानी भरने से सड़क की हालत और खराब हो जाती है, जिससे वाहनों के फंसने और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

महिलाओं ने विशेष रूप से चिंता जताई कि जाम के दौरान बच्चों को स्कूल भेजना जोखिम भरा हो जाता है। उनका कहना है कि तेज आवाजाही और अव्यवस्थित यातायात के कारण हादसे की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। जाम के कारण मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में भी कठिनाई होती है।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज देवी साहब वर्मा ने वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकालकर जाम खुलवाया। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नादेमऊ की इस मुख्य सड़क का शीघ्र चौड़ीकरण कराया जाए, गड्ढों की मरम्मत हो और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News