जैनपुर के विराट दंगल में नामी पहलवानों ने दिखाया दम, अंतिम कुश्ती रही बराबर
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जैनपुर गांव में शुक्रवार को परंपरागत विराट दंगल का भव्य आयोजन किया गया। दंगल का आयोजन स्थानीय आयोजक रमेश पहलवान एवं अमर सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें क्षेत्र सहित विभिन्न जनपदों से आए नामी-गिनामी पहलवानों ने अपनी ताकत और कौशल का प्रदर्शन किया।
दंगल में झांसी के शमशेर पहलवान और कानपुर देहात से शिनानायक सिंह पहलवान ने दर्शकों को रोमांचित किया, वहीं आगरा के हैवीवेट पहलवान भीम सिंह और बुंदेलखंड केसरी महोबा से बालमुकुंद यादव पहलवान की मौजूदगी आकर्षण का केंद्र रही। पहलवानों के दमदार दांव-पेंच पर अखाड़ा तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
दंगल की अंतिम और निर्णायक कुश्ती हैवीवेट पहलवान भीम सिंह (आगरा) और बुंदेलखंड केसरी बालमुकुंद यादव(महोबा) के बीच हुई। दोनों पहलवानों ने लंबे समय तक कड़ा मुकाबला किया, लेकिन अंततः यह कुश्ती बराबरी पर छूटी, जिसे दर्शकों ने खेल भावना के साथ सराहा।
इस विराट दंगल को देखने के लिए जैनपुर सहित आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में दर्शक मौके पर मौजूद रहे। आयोजन शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ, जिससे ग्रामीण खेल संस्कृति और पारंपरिक अखाड़ा परंपरा को नया उत्साह मिला।






