कन्नौज में अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, सोने की महंगाई से लेकर वैक्सीन तक उठाए सवाल

संवाद 24 संवाददाता। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कन्नौज दौरे के दौरान केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। गुरसहायगंज में पार्टी नेता राज सिंह चौहान उर्फ छोटे ठाकुर के आवास पर पहुंचे अखिलेश यादव ने सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए।

अखिलेश यादव ने कहा कि मौजूदा सरकार नहीं चाहती कि गरीब व्यक्ति अपनी बेटी की शादी के लिए सोने के जेवर खरीद सके। उनका आरोप था कि भाजपा नेताओं द्वारा सोना जमा करने की प्रवृत्ति के कारण सोने के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता प्रभावित हो रही है।

यूजीसी से जुड़े सवाल पर अखिलेश यादव ने कोई स्पष्ट जवाब देने से बचते हुए कहा कि आने वाले समय में सरकार ऐसा कानून लाने जा रही है, जिससे आम नागरिक द्वारा की जाने वाली हर खरीद-फरोख्त का रिकॉर्ड सरकार के पास होगा।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कोरोना वैक्सीन को लेकर भी बयान देते हुए कहा कि उन्हें सुनने में आया है कि वैक्सीन लगवाने वाले कुछ लोगों की मौत हुई है। उन्होंने मांग की कि सरकार ऐसे मामलों की गिनती कराए और इस विषय पर विस्तृत शोध के लिए इसे जनगणना में भी शामिल किया जाए।

राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का मुख्य मुद्दा भाजपा को सत्ता से हटाना होगा। साथ ही उन्होंने सरकार से जातिवार जनगणना कराए जाने की भी मांग दोहराई।

इस दौरान अखिलेश यादव ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की कथित विमान दुर्घटना में मौत के मामले पर भी सवाल उठाए। उन्होंने इस घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा कि जब दुर्घटना के समय दृश्यता तीन किलोमीटर थी, तो हादसा कैसे हुआ, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। साथ ही विमान निर्माण करने वाली कंपनी की भूमिका की भी जांच की मांग की।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News