नीलगाय शिकार मामले में दो आरोपी जेल भेजे गए, तीन की तलाश जारी
Share your love

संवाद 24 कन्नौज। ठठिया थाना क्षेत्र में नीलगाय के शिकार के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस प्रकरण में कुल पांच लोग शामिल बताए जा रहे हैं, जिनमें से तीन अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। वन विभाग की ओर से सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
घटना बुधवार को ठठिया थाना क्षेत्र के भुन्ना मौजा अंतर्गत बिहारीपुर गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, पांच शिकारियों ने मिलकर एक नीलगाय को घेरकर गोली मार दी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पतीराम पुत्र बदाम सिंह के खेत के पास से नीलगाय का अधकटा शव व खाल बरामद की। बरामद शव का मेडिकल परीक्षण कराए जाने के बाद उसे दफना दिया गया।
मौके से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से दो मोटरसाइकिल (कानपुर नंबर), धारदार हथियार, जाल सहित अन्य सामग्री बरामद की गई। पूछताछ और विधिक कार्रवाई के बाद शुक्रवार को धर्मेंद्र पुत्र बुद्ध सिंह निवासी गुरैया तथा धनपाल पुत्र छोटे निवासी पिपरौली (दोनों ठठिया थाना क्षेत्र) को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में ठठिया थाना क्षेत्र के मानसिंह और कानपुर के बिल्हौर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी जग्गा व उसकी पत्नी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, यह गिरोह ग्रामीणों से पैसे लेकर जंगली सूअर और नीलगाय जैसे वन्यजीवों का शिकार करता था। बताया गया है कि करसाह गांव में नीलगाय के शिकार में शामिल एक महिला भी इस गिरोह से जुड़ी है। गिरोह द्वारा शिकार के लिए ऊंट का इस्तेमाल किए जाने और पकड़े गए जानवरों का मांस बाजार में बेचने की भी जानकारी सामने आई है।
थाना प्रभारी देवेश कुमार ने बताया कि फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और वन विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटे हुए हैं।






