सरस्वती शिशु मंदिर जसोदा में आयोजित हुआ सप्तशक्ति संगम, आत्मनिर्भर नारी पर केंद्रित रहा आयोजन
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जसोदा कस्बे के सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में शनिवार को ‘सप्तशक्ति संगम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नारी शक्ति की भूमिका को रेखांकित करना तथा महिलाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहभागिता के लिए प्रेरित करना रहा। आयोजन में क्षेत्र की महिलाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता वीना कन्नौजिया ने अपने संबोधन में महिलाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण को समाज के विकास की आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षित और आत्मनिर्भर नारी ही सशक्त भारत के निर्माण में निर्णायक भूमिका निभा सकती है। नारी शक्ति को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला पंचायत सदस्य अरुणा त्रिपाठी ने की। उन्होंने छात्राओं और महिलाओं से समाज में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानकर आगे आना चाहिए और सामाजिक बदलाव में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।
इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें सामूहिक गीतों सहित विभिन्न प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन सरला कनौजिया ने किया।
कार्यक्रम में लक्ष्मी यादव, उपासना दुबे, आरती पाल, उपासना पांडे, ममता गुप्ता, स्नेह लता, संगीता देवी सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। आयोजन को लेकर प्रतिभागियों में उत्साह देखा गया और नारी सशक्तिकरण के संदेश को व्यापक समर्थन मिला।






