मिघौली गांव में दो रातों से बिजली गुल, 33 केवी मुख्य लाइन में फाल्ट से जनजीवन प्रभावित

संवाद 24 संवाददाता। छिबरामऊ विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत मिघौली में पिछले दो दिनों से रात के समय विद्युत आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मिघौली पावर हाउस से जुड़ी 33 केवी की मुख्य सप्लाई लाइन में आई खराबी के कारण पूरे गांव में अंधेरा पसरा हुआ है।

बिजली विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, लाइनमैन सचिन ने बताया कि बीती रात लगभग 12 बजे 33 हजार वोल्ट की मुख्य लाइन में फाल्ट आ गया था। इसके बाद से ही रात के समय बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। विभागीय कर्मचारियों द्वारा सुबह से लाइन की पेट्रोलिंग कर फाल्ट वाली जगह का पता लगाया जा रहा है।

लाइनमैन ने बताया कि मरम्मत कार्य लगातार जारी है और तकनीकी समस्या को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि फाल्ट ठीक होते ही गांव में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार दो रातों से बिजली न आने के कारण सुबह के समय पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। मोटर न चल पाने से पेयजल संकट खड़ा हो गया है, वहीं बच्चों की पढ़ाई और दैनिक घरेलू कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि पावर हाउस नजदीक होने के बावजूद फाल्ट ठीक करने में हो रही देरी से उनमें रोष है। उन्होंने बिजली विभाग से जर्जर तारों को बदलने और बार-बार होने वाली फाल्ट की समस्या का स्थायी समाधान किए जाने की मांग की है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News