खनन माफिया सक्रिय, प्रशासन नाकाम: कुसका नगरिया में अवैध खनन जारी

संवाद 24 संवाददाता। सौरिख थाना क्षेत्र के ग्राम कुसका नगरिया में अवैध खनन का खेल लगातार जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन को इसकी पूरी जानकारी होने के बावजूद खनन माफिया दिन-रात बेखौफ होकर अवैध खनन को अंजाम दे रहे हैं, जिससे सरकार को भारी राजस्व नुकसान हो रहा है।

ग्रामीणों अमित, शैलेंद्र, राजेश, रामू और महेश ने बताया कि उन्होंने इस अवैध गतिविधि की कई बार शिकायत संबंधित विभागों और पुलिस प्रशासन से की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे ग्रामीणों में रोष और निराशा का माहौल है।

सूत्रों के अनुसार, अवैध खनन मुख्य रूप से रात के समय किया जाता है, लेकिन माफिया इतने निडर हो चुके हैं कि दिन के उजाले में भी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से खनन सामग्री का परिवहन किया जा रहा है। इस अवैध खनन से सरकार को प्रतिदिन लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है।

इस मामले में जब हल्का इंचार्ज से बातचीत की गई, तो उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने पर पुलिस टीम मौके पर भेजी जाती है। हालांकि, खनन करने वाले अपने मुखबिर पहले से तैनात रखते हैं, जिसके चलते पुलिस के पहुंचने से पहले ही ट्रैक्टर खाली कर फरार हो जाते हैं।

पुलिस का दावा है कि अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। अब सवाल यह उठता है कि आखिर कब तक खनन माफिया प्रशासनिक कार्रवाई से बचते रहेंगे और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाते रहेंगे।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News