कन्नौज के तालग्राम में टेंपो लूट से मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। तालग्राम थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात बेखौफ बदमाशों ने कट्टा दिखाकर एक टेंपो लूट की वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने टेंपो चालक को बंधक बनाकर वाहन समेत फरार हो गए। लूटे गए टेंपो में लहंगा-चुनरी का कीमती पार्सल लदा हुआ था, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लूटा गया टेंपो श्रीफॉर्म कंपनी का था, जो जोधपुर से लखनऊ जाने वाली बस से आए पार्सल को तालग्राम हाईवे से आगे पहुंचाने जा रहा था। टेंपो में 15 पैकेटों में करीब 55 लहंगा-चुनरी रखी थीं। यह माल फर्रुखाबाद और गुरसहायगंज के 14 व्यापारियों का बताया गया है।
टेंपो चालक शमीम अहमद पुत्र सनाउल्लाह, निवासी मोहल्ला गढ़ी पोखर, तालग्राम, रोज की तरह तेराजाकेट से पार्सल लेकर तालग्राम की ओर आ रहे थे। जैसे ही वह रोहली मोड़ के पास पहुंचे, पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने कट्टा दिखाकर टेंपो रुकवा लिया। बदमाशों ने चालक का मोबाइल फोन भी छीन लिया, जिससे वह तत्काल पुलिस को सूचना नहीं दे सका।
घटना के बाद किसी तरह चालक शमीम कंपनी कार्यालय पहुंचा और कंपनी प्रतिनिधि मोहम्मद कामिल पुत्र हबीब अहमद को पूरे मामले से अवगत कराया। इसके बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, क्षेत्राधिकारी अभिषेक प्रताप सिंह अजेय और थाना प्रभारी विनय शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई तथा संभावित रास्तों की जांच की गई।
थाना प्रभारी विनय शर्मा ने बताया कि पीड़ित चालक की तहरीर पर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही बदमाशों की गिरफ्तारी कर लूट का खुलासा किया जाएगा।






