तालग्राम–छिबरामऊ मार्ग पर कार खड्ड में गिरी, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। तालग्राम–छिबरामऊ मार्ग पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में जा गिरी। दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में तालग्राम थाना क्षेत्र के गदौरा गांव निवासी सुनीत दीक्षित उर्फ आशीष कुमार की जान चली गई। वहीं, कार चला रहे कन्नौज के दाईपुर गांव निवासी शिवम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तालग्राम ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सुनीत दीक्षित को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिवम कुमार की हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
दुर्घटना की खबर से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही दुर्घटना के सही कारणों का पता चल सकेगा।






