ठठिया हादसे में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल, मंत्री असीम अरुण तक पहुंची फरियाद
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। ठठिया थाना क्षेत्र में हुई एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना के बाद अब तक आरोपी वाहन के पुलिस की पकड़ से बाहर रहने पर मृतक की पत्नी ने नाराजगी जताई है। न्याय न मिलने से निराश पीड़िता ने कन्नौज सदर विधायक एवं स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री असीम अरुण से मामले में हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, ठठिया थाना क्षेत्र के भुन्ना मौजा अंतर्गत भुलभुलियापुर निवासी रामकृपाल की 15 दिसंबर को लखनऊ–आगरा एक्सप्रेसवे पर टोल संख्या 204 के पास सर्विस रोड पर एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। बताया गया कि एक मारुति इको कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। इस दुर्घटना में रामकृपाल के पुत्र और बहनोई भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के संबंध में पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किया गया था।
मृतक की पत्नी विनीता देवी का आरोप है कि घटना के समय मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें बताया था कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन की पहचान हो गई है और शीघ्र कार्रवाई की जाएगी, लेकिन अब तक न तो वाहन पकड़ा गया और न ही कोई ठोस कार्रवाई सामने आई है। उनका कहना है कि पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की थी, जिसमें घटना के समय सुबह 8 बजकर 48 मिनट और 8 बजकर 51 मिनट के बीच एक सिल्वर रंग की मारुति इको कार जैनपुर रोड से उमरन की ओर जाती हुई दिखाई दी है।
पीड़िता ने यह भी बताया कि कानपुर से आ रही एक प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका ने ही सबसे पहले इसी वाहन से हुए हादसे की सूचना परिजनों को दी थी। विनीता देवी का आरोप है कि संबंधित शिक्षिका और पुलिस को वाहन के नंबर की जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।
मामले में न्याय की आस लेकर विनीता देवी ने कन्नौज सदर विधायक एवं राज्यमंत्री असीम अरुण को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपते हुए दोषी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, ठठिया थाना प्रभारी देवेश कुमार का कहना है कि लगाए गए आरोप निराधार हैं और जल्द ही संबंधित वाहन को बरामद कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






