यूजीसी नियमावली के विरोध में कन्नौज कलेक्ट्रेट में एसडीएम को सौंपा गया ज्ञापन
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की हालिया नियमावली के विरोध में आज कन्नौज कलेक्ट्रेट कार्यालय में ज्ञापन कुक्कू चौहान के नेतृत्व में दिया गया। प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपते हुए नियमावली को छात्र एवं शिक्षा विरोधी बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से कहा गया कि यूजीसी की नई नियमावली से छात्रों, शोधार्थियों और शिक्षण संस्थानों में भ्रम व असंतोष की स्थिति बनी हुई है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि “यूजीसी में दोषी बचे नहीं, अन्याय किसी के साथ न हो और निर्दोष न फंसे,” इस भावना के अनुरूप नियमों की निष्पक्ष समीक्षा आवश्यक है। इस दौरान #UGC_RollBack की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम से आग्रह किया कि ज्ञापन को शासन एवं संबंधित उच्चाधिकारियों तक प्रेषित किया जाए, ताकि छात्रों के हितों की अनदेखी न हो और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे।
इस अवसर पर अरविंद भदौरिया, अभिषेक पांडे, अरविंद प्रताप सिंह, रामवीर बघेल, दीपेंद्र सिंह चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे और सभी ने एक स्वर में यूजीसी नियमावली को वापस लेने की मांग की।






