दस साल से बदहाल कच्ची सड़क: नथा नगला के ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ खोला मोर्चा
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। छिबरामऊ विकास खंड के नथा नगला गांव में कच्ची सड़क की बदहाली और नालियों के गंदे पानी की समस्या को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर प्रशासन के प्रति नाराजगी जाहिर की। गांव की मुख्य सड़क पर लंबे समय से जलभराव होने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि उक्त सड़क की हालत बीते लगभग दस वर्षों से खराब बनी हुई है। गांव निवासी भूपेंद्र सिंह यादव ने बताया कि कच्ची सड़क पर लगातार नालियों का गंदा पानी भरा रहता है, जिससे लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में स्थिति और विकराल हो जाती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार जलभराव के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। गंदगी के चलते गांव में संक्रामक बीमारियों के फैलने का भी खतरा बना हुआ है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर ग्राम पंचायत और संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। ग्राम प्रधान सुधा देवी के पति सुधाकर सिंह ने बताया कि सड़क पर गंदा पानी बहने से पूरे गांव में दुर्गंध और गंदगी फैल रही है। सड़क निर्माण के लिए कई बार पत्राचार किया गया, लेकिन कार्य शुरू नहीं हुआ।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही सड़क निर्माण और नालियों की सफाई नहीं कराई गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी दीपांकर आर्य ने बताया कि संबंधित ग्राम पंचायत सचिव से बात कर नालियों की तत्काल सफाई कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और यदि सड़क कच्ची पाई जाती है, तो नियमानुसार उसे दुरुस्त कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
खंड विकास अधिकारी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद जताई है। फिलहाल गांव की स्थिति जस की तस बनी हुई है और ग्रामीण प्रशासन की ठोस कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।






