ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग की मौत, नाती घायल, चालक फरार

संवाद 24 संवाददाता। ठठिया थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनका नाती घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना ठठिया क्षेत्र के कुढिना गांव निवासी कमरुद्दीन (60) अपने नाती सलमान के साथ बाइक से कानपुर जनपद स्थित मकनपुर मदार साहब के मेले में जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक ठठिया थाना क्षेत्र के मंडी कट के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कमरुद्दीन उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बाइक चला रहा नाती सलमान भी चोटिल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से परिजन दोनों को तत्काल मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने कमरुद्दीन को मृत घोषित कर दिया।

बुजुर्ग की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल प्रशासन ने शव को मर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

थाना प्रभारी देवेश पाल ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फरार चालक और ट्रैक्टर की तलाश की जा रही है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News