तिर्वा में एक्सप्रेस-वे हादसा: सड़क पार करते समय युवक की गई जान
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। तिर्वा कोतवाली क्षेत्र में आगरा–लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह हादसा एक्सप्रेस-वे के 193 कट के पास हुआ, जहां सड़क पार करते समय युवक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान बहादुरपुर गांव निवासी रोहित कुमार के रूप में हुई है। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, रोहित एक्सप्रेस-वे पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा (UPIDA) के कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रोहित कुमार को मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर तिर्वा पुलिस भी अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तिर्वा कोतवाल संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।






