कन्नौज पुलिस की बड़ी सफलता: अपहरणकर्ता मुठभेड़ में घायल, युवती सुरक्षित बरामद

संवाद 24 संवाददाता। ठठिया थाना क्षेत्र में मूकबधिर युवती के अपहरण की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए युवती को सकुशल बरामद कर लिया। इस दौरान पुलिस और अपहरणकर्ता के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें अपहरणकर्ता के पैर में गोली लग गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

घटना ठठिया थाना क्षेत्र के भुड़पुरवा गांव की है। सोमवार शाम एक मूकबधिर युवती अपनी मां के साथ खेत से चारा लेने जा रही थी। इसी दौरान एक लोडर चालक ने युवती को जबरन वाहन में बैठा लिया और खैरनगर की ओर फरार हो गया। युवती की मां द्वारा शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी तिर्वा कुलवीर सिंह तथा पुलिस अधीक्षक बिनोद कुमार ठठिया थाना पहुंचे। अधिकारियों के निर्देश पर युवती की बरामदगी के लिए कई पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया। करीब दस घंटे की कड़ी मेहनत के बाद पुलिस ने अपहरण में प्रयुक्त लोडर की लोकेशन जनखत क्षेत्र के पास ट्रेस कर ली।

पुलिस द्वारा घेराबंदी किए जाने पर लोडर चालक जंगल की ओर भागने का प्रयास करने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लग गई। घायल अवस्था में उसे दबोच लिया गया और उसके कब्जे से अपहृत मूकबधिर युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान लाला (40 वर्ष) पुत्र बाबूराम निवासी हरियरपुर, थाना सिकंदरा, जनपद कानपुर देहात के रूप में हुई है। घायल आरोपी को मंगलवार सुबह करीब चार बजे तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

मामले को लेकर क्षेत्राधिकारी कुलवीर सिंह ने बताया कि युवती पूरी तरह सुरक्षित है और उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अचानक गलत नीयत में आकर युवती का अपहरण किया। आरोपी के अनुसार वह औरैया जिले की एक नमकीन फैक्ट्री में लोडर चालक के रूप में काम करता है और माल सप्लाई के सिलसिले में ठठिया क्षेत्र में आया था। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News