सरकारी व अर्द्ध सरकारी संस्थाओं में धूमधाम से मना गणतंत्र दिवस, छात्रों ने निकाली प्रभात फेरी
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कस्बा तिर्वा में 77वां गणतंत्र दिवस सरकारी एवं अर्द्ध सरकारी संस्थाओं में हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों और प्रशासनिक कार्यालयों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं स्कूली छात्रों ने प्रभात फेरी निकालकर आमजन को गणतंत्र दिवस के महत्व और देश की आजादी के मूल्यों से अवगत कराया।
गणतंत्र दिवस के मौके पर तहसील सभागार में गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी राजेश कुमार, तहसीलदार अवनीश कुमार एवं नायब तहसीलदार अमित पाठक ने कर्मचारियों के साथ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर ध्वजारोहण किया। इस दौरान संविधान की गरिमा और नागरिक कर्तव्यों पर प्रकाश डाला गया।
राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में प्राचार्य डॉ. सी.पी. पाल एवं सीएमएस डॉ. दिलीप सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित हुआ। ध्वजारोहण से पूर्व परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसके बाद राष्ट्रध्वज फहराकर राष्ट्रगान किया गया।
नगर पंचायत कार्यालय में चेयरमैन प्रतिनिधि सौरभ गुप्ता एवं अधिशासी अधिकारी ने कर्मचारियों के साथ गोष्ठी आयोजित कर गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों पर चर्चा की। कर्मचारियों को संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया।
उमर्दा विकासखंड कार्यालय में ब्लॉक प्रमुख अजय वर्मा और खंड विकास अधिकारी सोनिया श्रीवास्तव ने अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ ध्वजारोहण किया। इसी क्रम में कोतवाली परिसर में कोतवाल संजय कुमार शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों द्वारा झंडारोहण कर राष्ट्रगान किया गया।
शैक्षणिक संस्थानों में भी गणतंत्र दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर ध्वजारोहण किया। वहीं राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में निदेशक मनोज कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में शिक्षकों एवं छात्रों की उपस्थिति में गणतंत्र दिवस समारोह संपन्न हुआ।
इसके अतिरिक्त कस्बे के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी निकालकर देशभक्ति नारों के माध्यम से आम नागरिकों को गणतंत्र दिवस के महत्व, संविधान और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।






