कन्नौज में दूषित जलापूर्ति से हड़कंप, बाल्टियों में मिले केंचुएनुमा कीड़े
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कन्नौज नगर पालिका द्वारा की जा रही जलापूर्ति को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। पिछले दो दिनों से नगर क्षेत्र के कई इलाकों में घरों तक दूषित और बदबूदार पानी की सप्लाई की जा रही है। पानी भरते समय बाल्टियों में छोटे आकार के केंचुएनुमा कीड़े दिखाई देने से लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।
मामला कन्नौज नगर पालिका क्षेत्र के सरायमीरा मोहल्ले का है, जहां वर्षों पुराने ओवरहेड टैंक से जलापूर्ति की जाती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस टैंक की न तो नियमित सफाई होती है और न ही उचित देखरेख की जाती है। इसी लापरवाही के चलते घरों में गंदा और बदबूदार पानी पहुंच रहा है।
सरायगली निवासी कैलाश भट्ट ने बताया कि पानी भरते समय बाल्टी में रेशेदार और छोटे-छोटे कीड़े दिखाई दिए। जब इस बारे में पड़ोसियों को जानकारी दी गई तो अन्य लोगों ने भी सप्लाई के समय पानी भरकर देखा, जिसमें कीड़े साफ नजर आए। इसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय चिकित्सक डॉ. मो. इरशाद ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से पानी भरकर रखने पर उसका रंग पीला पड़ जाता है और कई बार दुर्गंध भी आती है। उन्होंने आशंका जताई कि इस प्रकार का दूषित पानी लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है और संक्रामक बीमारियों को जन्म दे सकता है।
निवासी संजय मिश्रा ने कहा कि वर्षों से सरायमीरा के ओवरहेड टैंक की नगर पालिका द्वारा सफाई नहीं कराई गई है, जिससे लोग मजबूरी में दूषित पानी पी रहे हैं। मनोज तिवारी ने बताया कि नगर पालिका की लापरवाही के कारण कई लोगों को अपने घरों में सबमर्सिबल पंप लगवाने पड़ रहे हैं। इस संबंध में कई बार शिकायतें दर्ज कराई गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पूर्व सभासद अनुराग मिश्रा ने बताया कि डेढ़ से दो महीने से अधिक समय से क्षेत्र में दूषित पानी की समस्या बनी हुई है। उन्होंने नगर पालिका चेयरमैन से तत्काल संज्ञान लेकर समस्या का समाधान कराने और नियमित रूप से ओवरहेड टैंकों की सफाई कराने की मांग की, ताकि नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न हो।
इस मामले में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी श्यामेन्द्र मोहन चौधरी ने बताया कि पानी में कीड़े निकलने की सूचना मिली है और जांच के लिए टीम भेजी गई है। हालांकि, जब उनसे ओवरहेड टैंक की अंतिम सफाई के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी याद नहीं है। इससे नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।






