राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर तिर्वा में जागरूकता रैली, निष्पक्ष मतदान का संदेश
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। तिर्वा तहसील प्रशासन की ओर से राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार को जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य आमजन को निष्पक्ष, निर्भीक और जागरूक मतदान के प्रति प्रेरित करना रहा। इस दौरान लोगों को अपने मताधिकार के महत्व से अवगत कराया गया और लोकतंत्र को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
रैली तहसील निर्वाचन अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में तहसील कार्यालय से प्रारंभ होकर कस्बे के गांधी चौराहा तक निकाली गई। रैली में शामिल अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक तथा छात्र-छात्राओं ने हाथों में जागरूकता संबंधी संदेश लिखी तख्तियां लेकर मतदाता सहभागिता बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को मतदान की शपथ भी दिलाई गई। प्रशासन की ओर से यह संदेश दिया गया कि मतदाता बिना किसी भय, दबाव या लालच के अपने मताधिकार का प्रयोग करें, जिससे निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित हो सकें।
एसडीएम राजेश कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शत-प्रतिशत मतदान आवश्यक है और प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह चुनावों में सक्रिय भागीदारी निभाए। उन्होंने युवाओं और नए मतदाताओं से विशेष रूप से आगे आने की अपील की।
इस अवसर पर तहसीलदार अवनीश कुमार, नायब तहसीलदार सतीश कनौजिया, अमित पाठक, लेखपाल बृजेश अग्निहोत्री सहित तहसील के कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।






