नगर पंचायत ने सफाई कर्मचारियों को बांटी नई ड्रेस, अध्यक्ष हरिहर सिंह ने किया वितरण
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। नगर पंचायत सिकंदरपुर द्वारा शुक्रवार को नगर के सभी सफाई मित्रों एवं अन्य कर्मचारियों को नई ड्रेस का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम नगर पंचायत परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें नगर पंचायत अध्यक्ष ठाकुर हरिहर सिंह के नेतृत्व में सभासदों और कर्मचारियों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम के दौरान सभासद बाबा वाल्मीकि सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। अध्यक्ष हरिहर सिंह ने सफाई कर्मचारियों को नगर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि नगर को साफ-सुथरा बनाए रखने में इनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के सम्मान, सुविधा और सुरक्षा का ध्यान रखना नगर पंचायत की प्राथमिक जिम्मेदारी है। नई ड्रेस उपलब्ध कराए जाने से कर्मचारियों में आत्मविश्वास और कार्य के प्रति जिम्मेदारी की भावना बढ़ेगी।
अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि ड्रेस मिलने के बाद सफाई कर्मचारी और अधिक लगन एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे, जिससे नगर की स्वच्छता व्यवस्था और सुदृढ़ होगी।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। ड्रेस प्राप्त करने वाले कर्मचारियों ने नगर पंचायत एवं अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।






