DDA में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 15 लाख की ठगी, दो पर केस दर्ज
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। तालग्राम थाना क्षेत्र में दिल्ली विकास प्राधिकरण में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 15 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को फर्जी दस्तावेज थमा दिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तालग्राम थाना क्षेत्र के खजुरियननगला गांव निवासी पीड़ित योगेंद्र ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि करीब नौ माह पहले उसकी मुलाकात तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के महतेपुर्वा गांव निवासी पंकज से हुई थी। पंकज ने उसे Delhi Development Authority (DDA) में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया और इसके बदले 15 लाख रुपये की मांग की।
पीड़ित के अनुसार, शुरुआत में उसने पंकज के मोबाइल नंबर पर 70 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इसके बाद पंकज ने उसकी मुलाकात अर्जुन नामक व्यक्ति से कराई और दावा किया कि अर्जुन की नौकरी भी उन्हीं ‘साहब’ के जरिए लगवाई गई है। इस पर विश्वास कर योगेंद्र ने बैंक के माध्यम से पूरी रकम आरोपियों को दे दी।
पूरा पैसा लेने के बाद आरोपियों ने योगेंद्र को नौकरी से संबंधित दो दस्तावेज सौंपे। जब योगेंद्र ने दिल्ली जाकर इन दस्तावेजों की जांच कराई, तो वे पूरी तरह फर्जी पाए गए। इसके बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस अधीक्षक के आदेश पर तिर्वा कोतवाली पुलिस ने आरोपी पंकज और अर्जुन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। तिर्वा कोतवाल संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।






