नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा: चलती बाइक से गिरकर सैलून संचालक की गई जान

संवाद 24 कन्नौज। नेशनल हाईवे पर गुरुवार शाम हुए सड़क हादसे में सैलून संचालक की मौत हो गई, जबकि तीन युवक घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब पीछे से आ रही एक बाइक ने आगे चल रही बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार उछलकर सड़क पर गिर पड़े, जिसमें एक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी जान चली गई।

पुलिस के अनुसार, घटना कन्नौज के जेवां टोल प्लाजा के पास हुई। अहमदी टोला मोहल्ला निवासी इकरार (55) अपने भतीजे नूर आलम के साथ बाइक से गुरसहायगंज से कन्नौज की ओर लौट रहे थे। भुलभुलियापुर गांव के पास पीछे से आई दूसरी बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों बाइकों पर सवार चार लोग सड़क पर गिर गए।

हादसे में इकरार उछलकर सिर के बल सड़क से टकरा गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से इकरार और नूर आलम को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इकरार को मृत घोषित कर दिया। नूर आलम का इलाज जारी है। दूसरी बाइक पर सवार टपका गांव निवासी शाहिल और अर्पित को भी चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

परिजनों ने बताया कि इकरार सरायमीरा क्षेत्र में पूर्वी बाईपास पर हेयर सैलून चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो बेटियां हैं—बड़ी बेटी का निकाह हो चुका है, जबकि छोटी बेटी फोजिया के निकाह की तैयारी चल रही थी। पिता की मौत की सूचना मिलते ही फोजिया बेसुध हो गई। परिजनों का कहना है कि इकरार ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले थे, उनकी असमय मौत से परिवार पर गंभीर आर्थिक संकट आ गया है।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News