कन्नौज पुलिस को बड़ी सफलता, जेल से फरार अभियुक्त मुठभेड़ में दबोचा गया
Share your love

संवाद 24 कन्नौज। जिला कारागार कन्नौज से 05 जनवरी 2026 को फरार हुआ अभियुक्त डंपी उर्फ शिवा को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक गुरसहायगंज मय टीम द्वारा थाना गुरसहायगंज क्षेत्र में मुरादगंज क्रॉसिंग से तिर्वा रोड पर तारा बगिया के पास की गई।
पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान अभियुक्त संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। रोकने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। प्रभारी निरीक्षक गुरसहायगंज मय टीम द्वारा आत्मरक्षात्मक कार्रवाई में अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे मौके से काबू में ले लिया गया।
घायल अभियुक्त को तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल कन्नौज भेजा गया है, जहां उसकी हालत चिकित्सकीय निगरानी में बताई जा रही है। मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान डंपी उर्फ शिवा पुत्र भजनलाल, निवासी मलगवा, थाना ठठिया, जनपद कन्नौज के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा उसकी पूर्व आपराधिक गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।






